लगातार हो रही भारी बारिश के कारण गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे दोनों धामों की यात्रा को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य गंगोत्री यात्रा पर शनिवार को फैसला लेंगे, लेकिन जंगलचट्टी में हाईवे बंद होने से यमुनोत्री यात्रा में देरी हो सकती है। प्रशासन हाईवे की मरम्मत का निरीक्षण कर रहा है ताकि यात्रा जल्द शुरू हो सके।
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी। लगातार वर्षा से जगह-जगह क्षतिग्रस्त गंगोत्री व यमुनोत्री हाईवे के चलते दोनों धामों की दूसरे चरण की यात्रा को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। हालांकि गंगोत्री धाम की यात्रा को लेकर डीएम प्रशांत आर्य ने शनिवार को होने वाली समीक्षा बैठक में निर्णय लेने की बात कही है। लेकिन जंगलचट्टी व बनास में हाईवे अवरुद्ध होने से यमुनोत्री धाम की यात्रा शुरू होने में समय लगना तय है।
दरअसल, इस मानसून सीजन में लगातार वर्षा से गंगोत्री व यमुनोत्री हाईवे जगह-जगह भूस्खलन व भू-धंसाव से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। बीते पांच अगस्त को हर्षिल-धराली में आई आपदा के बाद गंगोत्री हाईवे भटवाड़ी से लेकर सोनगाड तक क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसे बहाल करने में बीआरओ को 18 दिन का समय लगा था। यहां अभी भी हाईवे की स्थिति खतरनाक बनी हुई है।
वहीं, हर्षिल-धराली के बीच बनी झील के चलते लंबे समय तक जलमग्न रहे गंगोत्री हाईवे पर भी केवल फोर-बाइ-फोर वाहनों को ही जाने की अनुमति दी जा रही है। पूर्व में जिला प्रशासन ने दो दिन में गंगोत्री व सप्ताहभर में यमुनोत्री धाम की यात्रा को लेकर निर्णय लेने की बात कही थी। लेकिन इस बीच पांच सितंबर तक चारों धामों की यात्रा प्रतिबंधित कर दी गई।
अब प्रशासन ने गंगोत्री धाम की दूसरे चरण की यात्रा को लेकर शनिवार को समीक्षा बैठक में निर्णय लेने की बात कही है। उधर, 23 अगस्त से जंगलचट्टी के पास सड़क का 200 मीटर हिस्सा नदी के कटाव की जद में आने व बनास में भी भूस्खलन से यमुनोत्री हाईवे बंद है। ऐसे में यमुनोत्री धाम की दूसरे चरण की यात्रा शुरू होने में लंबा समय लग सकता है। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से यमुनोत्री हाईवे की बहाली को एनएच की ओर से किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण व कार्य पूरा होते ही यमुनोत्री धाम की यात्रा भी जल्द शुरू कराने की बात कही गई है।

गंगोत्री धाम की यात्रा को लेकर शनिवार को बीआरओ व अन्य संबंधित विभागों के साथ बैठक में निर्णय लिया जाएगा। यमुनोत्री हाईवे बाधित होने से यात्रा शुरू होने में समय लग सकता है। यमुनोत्री धाम की यात्रा को लेकर पहले हाईवे बहाली के लिए किए जा रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण व समीक्षा के बाद ही उचित निर्णय लिया जाएगा। – प्रशांत आर्य, जिलाधिकारी उत्तरकाशी
पूछे जाने वाले सवाल (FAQs)
1. क्या चारधाम यात्रा अभी शुरू हो गई है?
जी नहीं! भारी बारिश और भूस्खलन के कारण गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिसके चलते यात्रा अभी तक शुरू नहीं हो पाई है। प्रशासन द्वारा शनिवार को समीक्षा बैठक के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
2. यात्रा शुरू होने में कितना समय लग सकता है?
गंगोत्री यात्रा शीघ्र शुरू हो सकती है, लेकिन यमुनोत्री यात्रा में अधिक समय लग सकता है क्योंकि जंगलचट्टी और बनास क्षेत्र में हाईवे का 200 मीटर हिस्सा अभी भी बंद है। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद ही यात्रा शुरू की जाएगी।
3. क्या यात्रा के दौरान सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं?
जी हाँ! प्रशासन द्वारा हाईवे की मरम्मत और सुरक्षा उपायों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। केवल चार पहिया वाहनों को ही अनुमति दी जा रही है और खतरनाक क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरती जा रही है।






















